खेल डेस्क. पृथ्वी शॉ को कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में शुक्रवार को कंधे में चोट लग गई थी। उन्हें जांच के लिए नेशनल क्रिकेट एकेडमी यानी एनसीए भेजा गया है। उनके इंडिया-ए टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर जाे को लेकर सस्पेंस बन गया है। शॉ बाएं कंधे में लगी चोट के कारण शनिवार को फील्डिंग के अलावा दूसरी पारी में मुंबई के लिए बल्लेबाजी करने भी नहीं उतरे। उनकी जगह अजिंक्य रहाणे ने पारी की शुरुआत की थी। वे 1 रन बनाकर आउट हो गए।
शॉ कर्नाटक के खिलाफ चल रहे मैच में फील्डिंग के दौरान ओवरथ्रो बचाने के चक्कर में गिर गए थे। एहतियातन उनका एमआरआई स्कैन कराया गया था। इससे पहले पृथ्वी ने पहली पारी में 29 रन बनाए थे जबकि मुंबई की पूरी टीम 194 रन पर सिमट गई थी। जवाब में कर्नाटक ने अपनी पहली पारी में आर. समर्थ की 86 रन की पारी की बदौलत 218 रन बनाए। मुंबई ने शनिवार को दिन का खेल खत्म होने पर दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 26 रन बनाए।
इंडिया-ए टीम न्यूजीलैंड दौरे के लिए 10 जनवरी को रवाना होगी
इस बल्लेबाज को न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंडिया-ए टीम में चुना गया है। भारतीय टीम 10 जनवरी को रवाना होगी। दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 2 चार दिवसीय मैच खेले जाएंगे। शॉ दोनों टीमों का हिस्सा हैं। डोपिंग के कारण 8 महीने के प्रतिबंध के बाद पिछले महीने वापसी करने वाले पृथ्वी अच्छी फॉर्म में हैं। इस सलामी बल्लेबाज ने बड़ौदा के खिलाफ मुंबई के लिए सीजन के पहले रणजी ट्रॉफी मैच में शानदार शतक जड़ा था।